सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और युवा नेता गजेंद्र पाटिल के नेतृत्व में तैयारियां तेज, फव्वारा चौक से इच्छापुर तक गूंजेंगे जयकारे
Burhanpur Newsबुरहानपुर:मां इच्छादेवी के प्रति अटूट आस्था और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की मंगलकामना के साथ आगामी 15 अक्टूबर (गुरुवार) को बुरहानपुर से इच्छापुर तक एक भव्य और ऐतिहासिक 151 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। सोमवार को सांसद कार्यालय में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील ने एक विशेष बैठक ली, जिसमें यात्रा की व्यवस्थाओं और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पहली बार बुरहानपुर आ रहे हैं महायोगी दादागुरु महाराज
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने बताया कि इस वर्ष की चुनरी यात्रा बेहद खास और ऐतिहासिक रहने वाली है। परम पूज्य महायोगी दादागुरु महाराज पहली बार बुरहानपुर पधार रहे हैं। गौरतलब है कि दादागुरु महाराज 2100 दिनों से अधिक समय से पूरी तरह निराहार रहकर केवल मां नर्मदा के पवित्र जल पर आश्रित हैं। उनका यह पावन सानिध्य और फव्वारा चौक स्थित नवदुर्गा मंदिर से यात्रा में शामिल होना श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप श्रॉफ, किशोर शाह, इन्द्ररसिंग चावला, मनोज टंडन, ईश्वर चौहान, सीताराम प्रजापति सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जीवंत झांकियां और बैंड-बाजे बनेंगे आकर्षण
भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील के नेतृत्व में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली यह पारंपरिक चुनरी यात्रा सुबह 7 बजे फव्वारा चौक स्थित नवदुर्गा मंदिर से आरंभ होगी। इस वर्ष यात्रा में मां तुलजा भवानी की जीवंत झांकी, 8 फीट के विशाल उड़ते हुए हनुमानजी, 51 भव्य ध्वज, प्रसिद्ध पुणेरी ढोल, अमलनेर का श्री कृष्ण बैंड, पंढरपुर के वारकरी और भगवान नरसिंह की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इन प्रमुख मार्गों से गुजरेगी यात्रा
यह यात्रा सुबह 7 बजे फव्वारा चौक से चलकर बाई साहब की हवेली, पांडुमल चौराहा, तिलक चौराहा, महाजनापेठ, शिकारपुरा और शाहपुर होते हुए इच्छापुर पहुंचेगी। यहाँ माता इच्छादेवी को 151 मीटर लंबी चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली, विकास और अन्नदाता किसानों के कष्ट दूर होने की सामूहिक प्रार्थना की जाएगी।
आयोजकों ने सभी नगरवासियों और श्रद्धालुओं से परिवार सहित बड़ी संख्या में इस धार्मिक यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है।




