Rahul Gandhi Detentionबुरहानपुर: नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की घटना के विरोध में बुरहानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के महाराष्ट्र सह-प्रभारी डॉ. फरीद उद्दीन काजी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जयस्तंभ चौक पर अचानक एकत्र हुए कार्यकर्ता, मचा हड़कंप
अखिल भारतीय कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के महाराष्ट्र सह-प्रभारी डॉ. फरीद उद्दीन काजी के बुरहानपुर पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के हृदय स्थल जयस्तंभ चौक पर एकत्र हो गए। चौक पर अचानक भारी भीड़ जमा होने, केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ उग्र नारेबाजी होने तथा उसके तुरंत बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किए जाने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
अचानक हुए इस उग्र प्रदर्शन और आगजनी की सूचना मिलते ही सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला।
“जब तक CEC का इस्तीफा नहीं, तब तक जारी रहेगा आंदोलन”
प्रदर्शन के दौरान महाराष्ट्र अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. फरीद काजी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर जो मुहिम शुरू की है, पूरा देश और कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ मुस्तैदी से खड़ा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमारे शीर्ष नेताओं की लड़ाई व्यक्तिगत नहीं है। जब तक सीईसी ज्ञानेश कुमार पद से इस्तीफा नहीं दे देते और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक देशभर का कांग्रेस कार्यकर्ता इसी तरह सड़कों पर डटकर विरोध प्रदर्शन करता रहेगा।”
“दिल्ली में राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी को पुलिस द्वारा असंवैधानिक तरीके से हिरासत में लिया गया है, जो लोकतंत्र की हत्या है। राहुल जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और कानूनी कार्रवाई की जो मांग उठाई है, देश का हर कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है। जब तक सीईसी का इस्तीफा नहीं होता और कार्रवाई पूरी नहीं होती, तब तक पूरे देश का कांग्रेस कार्यकर्ता इसी तरह सड़कों पर उतरकर आंदोलन जारी रखेगा।”-डॉ. फरीद उद्दीन काजी – सह-प्रभारी, महाराष्ट्र राज्य, अखिल भारतीय कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग




