शिक्षक संघ ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए सौंपी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने दी बधाई

Burhanpur Newsबुरहानपुर। प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ (PMUMS), जिला बुरहानपुर द्वारा संगठनात्मक दायित्वों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए श्री राकेश धार्वे जी को ब्लॉक बुरहानपुर प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों एवं शिक्षक साथियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
कर्मचारी कल्याण कोष योजना का विस्तार होगी प्राथमिकता
संघ के जिला आईटी सेल प्रभारी श्री गोपाल धारकर ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री राकेश धार्वे जी से अपेक्षा की गई है कि वे संगठन की महत्वपूर्ण ‘कर्मचारी कल्याण कोष योजना’ को अधिक से अधिक शिक्षक साथियों तक पहुँचाएँ। वे पात्र पंजीकृत सदस्यों एवं उनके परिवारों को योजना की पूरी जानकारी देंगे तथा आवश्यकता के समय उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया में हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी कल्याण कोष केवल आर्थिक सहायता की योजना नहीं है, बल्कि यह शिक्षक परिवारों के बीच एकजुटता, संवेदनशीलता और परस्पर सहयोग का सशक्त माध्यम है। संगठन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी विपत्ति या संकट की घड़ी में किसी शिक्षक परिवार को स्वयं को अकेला महसूस न करना पड़े।
पदाधिकारियों ने व्यक्त की शुभकामनाएँ
श्री राकेश धार्वे जी की नियुक्ति पर संघ के जिलाध्यक्ष श्री संतोष निंभोरे, श्री जयराम निराले, श्री अतुल उईके, श्री राजकुमार भिलावेकर, प्रांतीय महासचिव श्रीमती प्रमिला सागरे सहित अन्य पदाधिकारियों एवं शिक्षक साथियों ने उन्हें बधाई दी है। सभी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे और संगठन की गतिविधियों को नई गति प्रदान करेंगे।




