ग्रामीणों की अनोखी भक्ति: गुफा निर्माण के लिए लोगों ने तोड़ी अपने मकानों की छत की बाउंड्रीवॉल, कटरा से लाई गई सिद्ध पिंडी और चरण पादुकाएं
Burhanpur Navratri Newsबुरहानपुर। जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित प्रसिद्ध माँ वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन अब श्रद्धालुओं को बुरहानपुर जिला मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर दूर ग्राम खामनी में ही करने को मिलेंगे। इस साल गांव में माँ वैष्णो देवी धाम के साथ-साथ देश के सभी 51 शक्तिपीठों के दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए 700 भक्तों की 51 टीमों ने सभी शक्तिपीठों से मिट्टी, पवित्र जल और ध्वज एकत्र कर खामनी में स्थापित किया है। इसके अलावा कटरा से विधि-विधानपूर्वक सिद्ध करके माँ की पिंडी और चरण पादुकाएं भी लाई गई हैं।
3 किलोमीटर लंबी यात्रा और 290 फीट की अनोखी गुफा
ट्रस्ट के अध्यक्ष योगेश शंकर मोतेकर ने बताया कि कटरा में माँ वैष्णो देवी के दर्शन के लिए 14 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी पड़ती है, जबकि खामनी में श्रद्धालु 3 किलोमीटर की यात्रा तय कर माँ के दर्शन कर सकेंगे।
-
चार मंजिला ऊंची गुफा: इस यात्रा के बीच में 290 फीट लंबी गुफा तैयार की गई है, जिसे जमीन से लगभग 80 फीट (चार मंजिला मकान) की ऊंचाई दी गई है।
-
गांव का अभूतपूर्व सहयोग: गुफा के निर्माण में कोई बाधा न आए, इसके लिए खामनी गांव के लोगों ने अपने मकानों की छत की बाउंड्रीवॉल तक तोड़ दी। पूरा गांव इस समय माता की भक्ति में लीन है।
11 अक्टूबर से शुरू हुए दर्शन, स्थाई मंदिर निर्माण का संकल्प
नवरात्रि उत्सव के अवसर पर 11 अक्टूबर से भक्तों के लिए दर्शन की शुरुआत कर दी गई है। यह गुफा आगामी 15 दिनों तक दर्शन हेतु खुली रहेगी और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इसकी अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी खामनी में बनाई गई गुफा के दर्शन करने के लिए 5 लाख 2 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे, जिससे मिली दान राशि की बचत से अब खामनी में ही बंभाड़ा रोड पर अमरावती नदी के तट पर पौन एकड़ जमीन में 51 शक्तिपीठों के भव्य और स्थाई मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया है।




