Burhanpur Newsबुरहानपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन के सफल 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश के बुरहानपुर स्थित कमल टॉकीज तिराहे पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सीधा सुना और उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में खंडवा लोकसभा क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
सीखने की निरंतरता ही सफलता की कुंजी: सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल
प्रधानमंत्री के संबोधन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि पीएम मोदी की यह यात्रा हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया, “जब नरेंद्र मोदी जी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था, तब उनके पास सरकार चलाने का प्रशासनिक अनुभव नहीं था। संगठन में कार्य करते हुए उन्होंने जो कुछ सीखा, उसी के बल पर देश को नई दिशा दी। आज भी उन्होंने यही संदेश दिया है कि इंसान को जीवनभर सीखते रहना चाहिए। जितना अधिक हम सीखेंगे, उतना ही बेहतर कार्य देश और राष्ट्र निर्माण के लिए कर पाएंगे।”
विकसित भारत 2047 का जगा नया उत्साह: अर्चना चिटनिस
भाजपा की वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनिस ने पीएम मोदी के वक्तव्य को राष्ट्र सेवा का सिद्ध मंत्र बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन देशभक्ति, जनसेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके विचारों को सुनकर कार्यकर्ताओं में एक नया आत्मविश्वास, उमंग और ऊर्जा का संचार हुआ है।
अर्चना चिटनिस ने आगे कहा, “मोदी जी ने देश को ‘वी विल डू इट’ (हम यह करेंगे) का नया सफलता का मंत्र दिया है। अब बात सिर्फ ‘कर सकते हैं’ की नहीं है, बल्कि ‘हम करके दिखाएंगे’ का संकल्प है। चाहे बात स्वच्छता की हो, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक की हो या फिर सौर ऊर्जा और पारंपरिक ऊर्जा के क्षेत्र की—भारतीय नागरिक हर क्षेत्र में देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगे।”




