Burhanpur Newsबुरहानपुर। महिलाओं में तेज़ी से बढ़ते गर्भाशय (सर्वाइकल) और स्तन (ब्रेस्ट) कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने और सुरक्षा कवच प्रदान करने के उद्देश्य से बुरहानपुर शहर में एक ऐतिहासिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिले में पहली बार आयोजित इस विशेष निःशुल्क कैंसर टीकाकरण शिविर में 9 वर्ष से लेकर 45 वर्ष तक की बडी संख्या में छात्राओं और महिलाओं ने भाग लिया और अपना सुरक्षित टीकाकरण कराया।
यह समाजोपयोगी पहल विप्रा नारी शक्ति संगठन और कैंसर नियंत्रण क्षेत्र में कार्यरत मुंबई की प्रसिद्ध एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
Burhanpur News10 से 12 हजार रुपये का महंगा टीका मिला बिल्कुल मुफ्त
बाजार में गर्भाशय कैंसर (HPV) से बचाव के टीके की कीमत आमतौर पर 10,000 से 12,000 रुपये तक होती है, जिससे मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग की महिलाओं के लिए इसे लगवाना काफी कठिन होता है। इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि शहर की सैकड़ों बेटियों और महिलाओं को यह अत्यंत महंगा टीका पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान उपस्थित विशेषज्ञों और कैंसर विशेषज्ञों ने महिलाओं को सलाह दी कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम “समय पर जानकारी और नियमित स्क्रीनिंग” ही है।
जागरूक समाज ही कैंसर मुक्त भारत की नींव
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने महिलाओं को स्तन और गर्भाशय कैंसर के शुरुआती लक्षणों, पहचान और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया। डॉक्टरों ने 30 से 45 वर्ष की महिलाओं को नियमित अंतराल पर मैमोग्राफी और पैप स्मीयर जैसी जांच कराने तथा अपनी जीवनशैली में स्वास्थ्यवर्धक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में महिलाओं में सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर के मामले सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन अगर सही उम्र में टीकाकरण हो जाए और शुरुआती चरण में स्क्रीनिंग कर ली जाए, तो इस बीमारी को 100% तक टाला जा सकता है।
अन्य सामाजिक संगठन भी आए आगे
बुरहानपुर में पहली बार आयोजित इस सफल और अभूतपूर्व शिविर की सफलता को देखते हुए शहर की अन्य सामाजिक संस्थाएं भी प्रेरित हुई हैं। कार्यक्रम के समापन पर कई स्थानीय संगठनों ने घोषणा की है कि वे आने वाले समय में भी महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के अलग-अलग वार्डों और ग्रामीण इलाकों में ऐसे टीकाकरण शिविर आयोजित करेंगे।
क्या कहते है समाजसेवी
: “हमारा मुख्य उद्देश्य बुरहानपुर की हर बेटी और महिला को कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करना है। 12 हजार रुपये का टीका हर परिवार नहीं लगवा सकता, इसलिए हमने एनजीओ के सहयोग से यह सेवा निःशुल्क उपलब्ध कराई है।” गौरी दिनेश शर्मा (राष्ट्रीय अध्यक्ष, विप्रा नारी शक्ति संगठन)
“कैंसर से बचाव का पहला नियम जागरूकता और समय पर टीकाकरण है। 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं में यह टीका सबसे अधिक प्रभावी होता है। आज बडी संख्या में छात्राओं व महिलाओं का सुरक्षित टीकाकरण होना एक बड़ा और सकारात्मक कदम है।” डॉ. नूपूर खरे (कैंसर विशेषज्ञ एवं एनजीओ प्रतिनिधि):
: “विप्रा नारी शक्ति संगठन का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है। हमारी समिति भी प्रेरणा लेते हुए भविष्य में शहर में इसी तरह के स्वास्थ्य और कैंसर रोधी शिविर आयोजित करेगी।”अजय सिंह रघुवंशी (अध्यक्ष, विश्वास सेवा समिति)




