Burhanpur Newsबुरहानपुर। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुरहानपुर जिले में ‘मिलावट से मुक्ति’ अभियान के तहत निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए तीन प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने (सैंपल) एकत्र कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे हैं।
एक्सपायरी सामान मौके पर नष्ट, थमाया नोटिस
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश डावर ने बताया कि मंगलवार को इकबाल चौक स्थित ‘मोहम्मद इकबाल एंड ब्रदर्स’ का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मसालों की गुणवत्ता पर संदेह होने पर जीरा, धनिया पाउडर एवं काली मिर्च के सैंपल लिए गए।
टीम को प्रतिष्ठान में भारी मात्रा में एक्सपायरी और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ मिले, जिन्हें जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। नष्ट कराए गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 5 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही, स्वच्छता और मानकों में लापरवाही बरतने पर संबंधित फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत सुधार का नोटिस जारी किया गया है।
इच्छापुर में भी सैंपल ज़ब्त
विभाग की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए ग्राम इच्छापुर में ‘योगेश किराना’ से भगर तथा ‘मां इच्छादेवी स्वीट्स’ से कंडीपेड़ा के सैंपल एकत्र किए। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला में भेजा गया है।
राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय खाद्य सुरक्षा मानक सख्त
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) और मध्य प्रदेश शासन खाद्य सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर हैं। भोपाल प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि सैंपल अमानक या मिलावटी पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यवसायियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम, 2011 के कड़े प्रावधानों के तहत दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान जिले में लगातार जारी रहेगा।




