Burhanpur news todayबुरहानपुर। नई दिल्ली में आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्ष के अन्य सांसदों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर (FIR) पर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बुरहानपुर पहुंचे खंडवा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और मध्य प्रदेश भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने इस मामले पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
देश की छवि धूमिल करने का पाप भुगतना पड़ेगा: सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने बुरहानपुर पहुंचे सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि हमारा देश एक लोकतांत्रिक देश है और संविधान के दायरे में रहकर हर किसी को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। लेकिन लोकतंत्र की आड़ में देश की छवि को धूमिल करना और सरकारी परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचाना सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस और विपक्ष द्वारा किए जा रहे इस तरह के कृत्यों का खामियाजा उन्हें भुगतना ही पड़ेगा।
संविधान हाथ में लेकर चलने वाले कानून का पालन भी करें: अर्चना चिटनिस
वहीं, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि यदि देश में कोई भी कानून-विरोधी काम करेगा, तो कानून व्यवस्था अपना काम करेगी। अर्चना चिटनिस ने कहा, “हम भाजपा में रहते हुए लंबे समय तक विपक्ष में रहे हैं। हमने अनगिनत आंदोलन और प्रदर्शन किए, सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध किया और हमारे नेताओं ने प्राणों की आहुति तक दी, लेकिन हमेशा संवैधानिक व्यवस्था और नियमों के दायरे में रहकर काम किया।”
उन्होंने आगे कहा कि स्वेच्छाचारिता को स्वतंत्रता या आजादी नहीं कहा जा सकता। राहुल गांधी जिस संविधान को हाथ में लेकर चलते हैं और जिसके नाम पर झूठी-सच्ची राजनीति करते हैं, उन्हें उस संविधान और कानून का पालन भी करना चाहिए।




