Burhanpur Chunri Yatraबुरहानपुर में निकली जिले की सबसे बड़ी चुनरी यात्रा: 151 मीटर लंबी चुनरी के साथ उमड़ा 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं का जनसैलाबबुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में शारदीय नवरात्रि पर्व बड़ी ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की इसी कड़ी में गुरुवार को बुरहानपुर में जिले की अब तक की सबसे विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। भक्ति और आस्था के इस महासंगम में 10 हजार से भी अधिक श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा शहर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा।
25 किलोमीटर पैदल चलकर मां इच्छादेवी को अर्पित की 151 मीटर चुनरी
यह भव्य चुनरी यात्रा शहर के ऐतिहासिक फव्वारा चौक स्थित नवदुर्गा मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई। यहाँ से श्रद्धालु 25 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर इच्छापुर स्थित सिद्ध पीठ मां इच्छादेवी मंदिर पहुंचे, जहां 151 मीटर लंबी लाल चुनरी मां इच्छादेवी को श्रद्धापूर्वक अर्पित की गई।
सनातन संस्कृति और युवाओं में धार्मिक जागरूकता लाने के उद्देश्य से इस यात्रा की शुरुआत 12 वर्ष पूर्व स्थानीय युवा गजेंद्र पाटील द्वारा की गई थी। बीते वर्षों में यह यात्रा क्षेत्र की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बन चुकी है।
हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा और भव्य आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष की चुनरी यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक रही। यात्रा के इतिहास में पहली बार श्रद्धालुओं और यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई। इसके अलावा यात्रा में पूना का प्रसिद्ध ब्रास बैंड, विशाल शिवमुद्रा, भोलेनाथ व नंदी महाराज की मनमोहक झांकी और उड़ते हुए ड्रोन हनुमान जी का रूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
अवधूत योगी दादा गुरु और सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने की शिरकत
इस पावन अवसर पर 2100 दिनों से निराहार रहकर केवल मां नर्मदा के जल का सेवन करने वाले संत अवधूत योगी दादा गुरु जी और खंडवा-बुरहानपुर क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटील विशेष रूप से शामिल हुए।
मीडिया से चर्चा करते हुए खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा, “ऐसी धार्मिक और सांस्कृतिक यात्राएं समाज में लोगों को जोड़ने का कार्य करती हैं। मां इच्छादेवी के चरणों में चुनरी अर्पित कर हमने अपने क्षेत्र, प्रदेश और पूरे देश में सुख, समृद्धि और शांति की प्रार्थना की है।”




