IAS Vivek Kumarबुरहानपुर, 26 अक्टूबर 2026। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में पहली ताप्ती रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। बुरहानपुर प्लेयर्स एसोसिएशन द्वारा रविवार को केंद्रीय विद्यालय बुरहानपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों से आए लगभग 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जलगांव के गुणवंत कसार ने रैपिड और ब्लिट्ज दोनों प्रारूपों में प्रथम स्थान हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, खंडवा के वैभव तोमर उपविजेता रहे।
150 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, खरगोन, जलगांव, भुसावल, रावेर और नंदुरबार सहित विभिन्न क्षेत्रों के शतरंज खिलाड़ियों ने भागीदारी की। इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें 6 वर्ष से लेकर 70 वर्ष तक की उम्र के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता ने युवा प्रतिभाओं के साथ अनुभवी खिलाड़ियों को भी अपनी शतरंज क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान किया।
गुणवंत कसार दोनों प्रारूपों में बने विजेता
प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए लोक सेवा प्रबंधक मनोज शंकपाल ने बताया कि जलगांव के गुणवंत कसार ने रैपिड और ब्लिट्ज दोनों वर्गों में पहला स्थान प्राप्त किया। खंडवा के वैभव तोमर उपविजेता रहे।
रैपिड वर्ग में खंडवा के अक्षय तोमर ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि ब्लिट्ज वर्ग में बुरहानपुर प्लेयर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सत्यम ठोंबरे तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता का निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन निर्णायक कपिल पंड्या ने किया।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता में कलेक्टर विवेक कुमार ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय विद्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और विद्यालय की शैक्षिक एवं खेल गतिविधियों की जानकारी ली। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सृजन वर्मा भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने का लक्ष्य
बुरहानपुर प्लेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सागर पाहुजा ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जाएंगे। प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य शतरंज खिलाड़ियों को उचित मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
आयोजन की सफलता में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष भूपेश विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष सत्यम ठोंबरे, सह-सचिव शबाना बैदी, सह-सचिव अब्दुल राशिद अंसारी, जय बजाज, अनमोल मोहनानी, अमन बजाज, गिरीश सोनवाने और लोकेश महाजन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से बुरहानपुर में शतरंज को प्रोत्साहन देने और विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।




