Burhanpur Newsबुरहानपुर: मध्य प्रदेश की सियासत में एक बार फिर से फेरबदल और राजनीतिक सक्रियता का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में बुरहानपुर जिले की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता और जिले के जाने-माने चेहरे अजय सिंह रघुवंशी ने एक बार फिर पूरी ताकत के साथ मुख्यधारा की राजनीति में वापसी कर ली है। उनके इस ‘कमबैक’ से स्थानीय स्तर पर सियासी पारा चढ़ गया है और राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है।
जनसुनवाई में दिखाए पुराने तेवर अजय सिंह रघुवंशी की सक्रियता का ताजा उदाहरण हाल ही में आयोजित जिला जनसुनवाई के दौरान देखने को मिला। किसानों की समस्याओं को लेकर मुखर नजर आए रघुवंशी ने बिजली कंपनी और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। डैम से पानी लीक होने की समस्या और किसानों को बिजली न मिलने के मुद्दों पर उन्होंने जिस अंदाज में अधिकारियों को घेरा, उससे उनके पुराने तेवर और जनता के प्रति सरोकार एक बार फिर साफ नजर आए।
मंदिर में दर्शन और धार्मिक आयोजनों से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी कुछ समय से पार्टी की मुख्य गतिविधियों से थोड़ा हाशिए पर चल रहे अजय रघुवंशी ने हाल ही में शहर के प्रसिद्ध बालाजी मंदिर में भगवान बालाजी की आरती की और पारंपरिक रथ खींचने के दौरान नजर आए। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में उनकी इस मुखर उपस्थिति को सियासी पंडित एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देख रहे हैं।
क्या कहती है राजनीतिक विश्लेषकों की राय? सियासी जानकारों का मानना है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) से हरी झंडी मिलने के बाद ही अजय रघुवंशी ने एक बार फिर से मैदान संभाला है। जिला कांग्रेस कमेटी शहर के 16 साल तक अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रह चुके रघुवंशी का अनुभव पार्टी के लिए हमेशा से अहम रहा है। ऐसे में उनका दोबारा सक्रिय होना आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
समर्थकों में उत्साह, जल्द मिल सकती है खुशखबरी रघुवंशी खेमे के समर्थकों की मानें तो आने वाले दिनों में उनके लिए पार्टी की तरफ से कोई बड़ी राजनीतिक खुशखबरी सामने आ सकती है। अजय रघुवंशी के इस धमाकेदार रिटर्न के राज्य और राष्ट्रीय स्तर के राजनीतिक गलियारों में भी कई मायने निकाले जा रहे हैं। देखना यह होगा कि कांग्रेस पार्टी उन्हें बुरहानपुर या प्रांतीय स्तर पर क्या नई जिम्मेदारी सौंपती है।




